राजा का ताजपुर। गैर समुदाय के युवक से निकाह करने की जिद पर अड़ी युवती ने युवक के इन्कार करने पर जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसे सीएचसी नूरपुर में भर्ती कराया गया है। बताया गया कि युवती निकाह करने के लिए धर्म परिवर्तन को भी राजी है। वह बुर्का पहनकर अपनी मां के साथ अक्सर युवक के घर जाकर निकाह करने का दबाव बनाती है।
थाना नूरपुर क्षेत्र के गांव राजा का ताजपुर निवासी लगभग 18 वर्षीय युवती गैर समुदाय के युवक से निकाह करना चाहती है। युवती की मां भी उसके पक्ष में है। बताया गया है युवक-युवती में काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा है। छह माह पहले दोनों को एक साथ पकड़ा भी गया था। तब युवती के पिता ने मां-बेटी को घर से निकाल दिया था। दोनों किराये में मकान में रहती हैं। स्थानीय निवासियों ने बताया कि करीब आठ दिन से युवती बुर्का पहनकर अपनी मां के साथ प्रेमी युवक के घर जाती है तथा धर्म परिवर्तन कराने और निकाह करने का युवक पर दबाव बनाती हैं।
शुक्रवार को गांव के दोनों पक्षों के लोगों ने आपस में बैठकर मां-बेटी को समझाने का प्रयास किया लेकिन युवती प्रेमी युवक के साथ निकाह की जिद पर अड़ी रही। युवक व उसके परिजनों ने निकाह से इन्कार कर दिया और घर से कहीं बाहर चले गए। जब युवती अपनी मां के साथ प्रेमी युवक के घर पहुंची तो वहां ताला लगा पाया। शुक्रवार की दोपहर युवती ने अपने घर में आकर जहरीला पदार्थ निगल लिया।
युवती की मां उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गई जहां से उसे सीएचसी नूरपुर भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना के संबंध में अनभिज्ञता जताई है।