धामपुर। आदर्श होली हवन समिति की बैठक में आगामी कार्यक्रमों को लेकर रूपरेखा तैयार कर व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। शनिवार रात पालिकाध्यक्ष चौधरी रवि कुमार सिंह के कैंप कार्यालय पर आयोजित बैठक में चार फरवरी को दुल्हैंडी पर निकलने वाले सूखे रंग के हवन जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर विचार विमर्श हुआ। समिति संरक्षक पालिकाध्यक्ष ने बताया कि होली पर दोनों दिन निकलने वाले जुलूस को पारंपरिक, अनुशासित, शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए समिति ने व्यापक तैयारियां की हैं। समिति के पदाधिकारी, स्वयंसेवक गले में परिचय पत्र धारण कर हाथों में केसरिया ध्वज लेकर जुलूस की आंतरिक व्यवस्था संभालेंगे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से बाहरी सुरक्षा, यातायात पर विशेष ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया। बैठक में शामिल कोतवाल मृदुल कुमार सिंह ने कहा कि होली हवन जुलूस मार्गों, संवेदनशील स्थानों की ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। स्पष्ट किया कि किसी प्रकार से त्योहार पर माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों से सख्ती के साथ निपटा जाएगा। बैठक में समिति के संरक्षक डॉ. शंकर लाल शर्मा, प्रमोद मिश्रा, देवेंद्र भटनागर, संजय शर्मा, अंकित सैनी, आचार्य दिनेशचंद्र भारद्वाज, विभु बंसल, पवन अग्रवाल, विभूति कांत शर्मा, सौरभ मालपानी, सनी छाबड़ा, प्रशांत चंद्रा, लक्ष्मण सिंह, नीरज रस्तोगी आदि रहे।