धामपुर। आरएसएम तिराहा पर पुलिस चौकी के पास स्थित स्टेट बैंक के एटीएम में डिवाइस लगाकर ठगों ने तीन ग्राहकों के खातों से 28 हजार रुपये की धनराशि निकालने का संगीन मामला सामने आया है। कालागढ़ मार्ग स्थित भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा की प्रबंधक अंजुम सिद्दीकी ने पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिसमें बताया कि 19 दिसंबर को आरएसएम कॉलेज एटीएम से दोपहर साढ़े 12 बजे कुछ अज्ञात लोगों ने एटीएम मशीन में कैश निकासी पर कोई प्लेटनुमा डिवाइस लगाकर तीन ग्राहकों के कुल 28 हजार रुपये निकाल लिए। ग्राहकों को जब एटीएम से निकाली गई धनराशि नहीं मिली और उनके खाते से धनराशि की निकासी हो गई। तब उन्होंने शाखा प्रबंधक को मामले से अवगत कराया। ग्राहकों की जानकारी पर शाखा प्रबंधक ने प्राथमिकी दर्ज कराई और पुलिस से आरोपियों का पता लगाकर उनके खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की। सीओ अभय कुमार पांडे का कहना है कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।