बिजनौर में विदुर कुटी के सामने गंगा स्नान मेले में बसने लगा तंबुओं का शहर। संवाद
बिजनौर। विदुर कुटी के पास गंगा किनारे लगने वाले मेले का शुभारंभ तीन नवंबर की शाम चार बजे होगा। जबकि स्नान की तारीख पांच नवंबर है। मेला आयोजन के लिए की जा रही तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच चुकी है।
सोमवार को मेला कार्यालय और पुलिस थाना आदि के लिए लगाए गए तंबूओं के चारों ओर टीन से बैरिकेडिंग कर दी गई। इसके साथ ही मुख्य रास्तों के अलावा अन्य रास्तों को भी बनाने का काम किया गया। गंगा के द्वारा छोड़े गए रेत को भी समतल करने का काम चल रहा है। इसके साथ ही तहबाजारी का ठेका हो चुका है। तहबाजारी ठेकेदार ने दुकानदारों को प्लाॅट देने चालू कर दिए हैं।
सरकारी तंबुओं के लिए रहेगी मारामारी : इस बार पिछले साल से ज्यादा सरकारी तंबू जिला पंचायत की ओर से लगाए जा रहे हैं। मगर इसके बाद भी तंबू लेने के लिए मारामारी होना तय है। जिला पंचायत के मौजूदा बोर्ड का यह आखिरी मेला है। ऐसे में मौजूदा जिला पंचायत सदस्य और उनके समर्थकों की तंबू हासिल करने की डिमांड ज्यादा रहेगी। बताया जा रहा है इस गंगा स्नान में आगामी चुनाव को लेकर भी सरगर्मियां रहेंगी।
डेरा लगाने के लिए पहुंचने लगे लोग : मेले में जिलेभर से श्रद्धालु डेरा लगाकर रहते हैं। जोकि दो से तीन दिनों तक पड़ाव डालते हैं। जिला पंचायत के जेई सुशील कुमार ने बताया कि सोमवार को आठ से दस लोग डेरा लगाने के लिए पहुंचे। ये लोग मेले में अच्छी लोकेशन के चक्कर में कई दिन पहले ही डेरा लगाने पहुंचे है। जोकि अब डेरा लगाकर लौट जाएंगे, फिर परिवार को संग लेकर गंगा स्नान से दो या तीन पहले ही लौटेंगे।
बिजनौर में विदुर कुटी के सामने गंगा स्नान मेले में बसने लगा तंबुओं का शहर। संवाद