स्योहारा में जमापुर तिराहे के पास वृद्ध को कुचलने के बाद नाले में पलटी कार। संवाद
स्योहारा। ठाकुरद्वारा की ओर से आ रही एक कार सड़क किनारे पैदल जा रहे वृद्ध को टक्कर मारकर कुचलते हुए अनियंत्रित होकर एक नाले में पलट गई। वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई और चालक कार छोड़कर भाग गया।
रविवार सुबह आठ बजे ठाकुरद्वारा रोड स्थित जमापुर तिराहे पर बुंदू खां (70) पुत्र अनवार खां निवासी ग्राम उमरपुर खादर सड़क किनारे पैदल जा रहे थे। तभी ठाकुरद्वारा की ओर से आ रही एक कार ने वृद्ध को टक्कर मारने के बाद उन्हें कुचल दिया। वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कार चालक स्योहारा की ओर भागा लेकिन कार अनियंत्रित होकर पलट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र नईम की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस कार को कब्जे में लेकर थाने ले आई। कार मालिक की तलाश की जा रही है।