- पिछले दस माह में गुलदार के हमले में चल गई 17 जान
- एक साल में करीब 35 गुलदार वन विभाग अब तक पकड़ चुका है
संवाद न्यूज एजेंसी
बढ़ापुर (बिजनौर)। ग्राम हसनअलीपुर धर्मा उर्फ खत्रीवाला में घर में सो रहे 12 वर्षीय बालक को गुलदार ने मार डाला। ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए काफी देर तक शव को उठाने नहीं दिया। वन एवं प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।
ग्राम हसनअलीपुर धर्मा उर्फ खत्रीवाला निवासी पदम सिंह का करीब 12 वर्षीय पुत्र जिगर कुमार बुधवार की रात घर के आंगन में सोया हुआ था। इसी दौरान एक गुलदार घर में घुसकर बालक जिगर को उठा ले गया। परिजनों को इसकी भनक नहीं लगी। बृहस्पतिवार की सुबह बालक के चारपाई पर नहीं मिलने पर परिवार में हड़कंप मच गया।
गांव में बच्चे की तलाश शुरू हुई। कुछ देर बाद ही गांव के बाहर ही ग्रामीण सुरेंद्र सिंह के खेत में बालक का क्षतविक्षत शव पड़ा मिला। गुलदार ने बालक के शरीर का गर्दन से नीचे का पूरा हिस्सा लगभग खा लिया था। बालक के शरीर के अवशेष खेत में कई जगह पड़े मिले।
ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश, नहीं उठने दिया शव
बालक के शव के अवशेषों की दशा देखकर ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति आक्रोश उत्पन्न हो गया। मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। ग्राम प्रधान ने घटना की सूचना वन विभाग व पुलिस को दी। ग्रामीणों ने मृतक का शव नहीं उठाने दिया। ग्रामीण वन विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे।
गुलदार को पकड़वाने के आश्वास पर शांत हुए ग्रामीण
सूचना पर एसडीएम नगीना शैलेंद्र कुमार, कार्यवाहक सीओ नजीबाबाद गजेंद्र सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक नगीना रविंद्र वशिष्ठ व बढ़ापुर थानाध्यक्ष सुमित कुमार राठी मौके पर पहुंचे। बाद में डीएफओ बिजनौर अरुण कुमार सिंह घटना स्थल पर पहुंचे और जल्द ही गुलदार को पकड़वाने का आश्वासन दिया। तब ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम के लिए बालक का शव उठने दिया। मृतक के माता-पिता दिव्यांग है। मृतक की एक बड़ी बहन व एक छोटा भाई है। मृतक कक्षा छह का छात्र था।
मौके पर पिंजरा लगाया गया : एसडीओ
वन विभाग के एसडीओ नजीबाबाद अंशुमान मित्तल ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने वन विभाग के कर्मचारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। गुलदार को पकड़ने के लिए एक पिंजरा लगा दिया गया है। शाम तक चार ट्रैक कैमरे भी लगा दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता राशि अतिशीघ्र दे दी जाएगी।