99 प्रतिशत आबादी रही घरों में, जनता कर्फ्यू का किया पालन
बिजनौर। जिले में बंद पूरी तरह सफल रहा। करीब 99 प्रतिशत आबादी घरों में ही रही। शहर तो क्या गांवों में भी लोगों ने जनता कर्फ्यू का पालन किया। जनता कर्फ्यू का पालन करने में गांव वालों के इस रवैये की सभी ने प्रशंसा की।
2011 में जिले की आबादी साढ़े 36 लाख से अधिक थी। वर्तमान में जिले की आबादी 40 लाख के आसपास मानी जाती है। शहरों में करीब 18 लाख और गांवों में करीब 22 लाख की आबादी रहती है। माना जा रहा था कि शहरों में तो जनता कर्फ्यू का पालन होगा लेकिन गांवों में कोई देखने नहीं जाएगा। गांव वाले घरों से बाहर निकलेंगे, लेकिन जनता कर्फ्यू को सफल बनाने में सभी जिलेवासी चाहे वो गांव वाले हों या शहर वाले सभी साथ खड़े नजर आए। गांवों और शहरों में सुबह सात बजे के बाद लोग घरों में ही रहे। शहरों में सुबह लोग केवल दूध लेने के लिए तो गांवों में पशुओं का चारा लेने के लिए ही घरों से निकले। पशुओं का चारा लाने के बाद किसानों ने भी घरों में ही बैठना ठीक समझा। शहरों में नौकरी करने वाले भी घर ही रहे। पुलिस भी लगातार गश्त करती रही। कहीं पुलिस को गांवों में युवा घर के बाहर खड़े दिखाई दिए तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझा बुझाकर घर भेज दिया। भाकियू के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने बताया कि उन्होंने कई जगह किसानों से फोन पर वार्ता की। सभी ने बताया कि वे सब घर पर ही हैं।
जिला एक नजर में
आबादी 3682813
नगर पालिका 12
नगर पंचायत 6
ब्लॉक 11
ग्राम पंचायत 1128