मौसम में बदलाव से किसान चिंतित
हल्दौर/बिजनौर। मौसम में बदलाव से किसान चिंतित हैं। किसानों की खेतों में सरसों की पकी फसल व गेहूं की फसल के गिरने की आशंका बनी हुई है। इन दिनों किसानों के खेतों में सरसों की पकी फसल व गेहूं की अधिकांश फसल बाली निकल आई है। गेहूं की बाली में दाने परिपक्व होने का समय चल रहा है। सोमवार शाम क्षेत्र में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और बूंदाबांदी हुई। बारिश होने से किसान अधिक वर्षा व हवा के चलने पर फसलों के नुकसान को लेकर आशंकित है। गेहूं व सरसों की फसल के जमींदोज होने पर इनके उत्पादन पर प्रतिकूल पड़ता है। साथ ही बागों में आम के बौर पर बारिश होने का दुष्प्रभाव पड़ता है। नगीना स्थित मौसम वेधशाला के प्रेक्षक आरके शर्मा के अनुसार एक दो दिन मौसम खराब रहने का अनुमान है।