एसडीएम ने की विकास कार्यों की समीक्षा
नजीबाबाद। एसडीएम ने गांव कुम्हेड़ा में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। ग्रामीणों ने जूनियर हाईस्कूल की शिक्षिका पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए उसके स्थानांतरण की मांग की। एसडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने बुधवार को गांव कुम्हेड़ा में विकास कार्यों की जानकारी की। ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में विकास कार्यों का भौतिक सत्यापन किया। शासन द्वारा दी जाने वाली कई योजनाओं की एसडीएम ने समीक्षा की। ग्रामीणों की ओर से पानी की टंकी की पाइप लाइन में आए दिन आने वाली तकनीकि खराबी से पेयजल आपूर्ति बाधित होने की एसडीएम से शिकायत की गई। ग्रामीणों ने जूनियर हाईस्कूल की शिक्षिका रेणु भटनागर द्वारा अभिभावकों से अभद्रता करने की शिकायत करते हुए शिक्षिका के स्थानांतरण की मांग की। एसडीएम ने बीएसए को रिपोर्ट भेजने की जानकारी दी। कौशल विकास योजना और पशु टीकाकरण के संबंध में भी एसडीएम ने जानकारी की। कौशल विकास योजना में क्षेत्र के युवाओं का चयन कर उन्हें प्रशिक्षण देने पर चर्चा हुई। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, राशन वितरण और पेंशन योजनाओं की स्थिति संतोषजनक पाई गई। समीक्षा बैठक में कानूनगो सुरेश कुमार, स्टेनो संजीव कौशिक, लेखपाल अनिल कुमार तथा क्षेत्रीय ग्रामीण उपस्थित रहे।