ढबारसी(अमरोहा) विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने शुक्रवार दोपहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ढबारसी पर छापा मारा। निरीक्षण में डाक्टर अस्पताल से गायब मिले। उपस्थिति रजिस्टर में डाक्टर सहित 11 कर्मचारियों में से सिर्फ दो की हाजिरी लगी मिली। जिसपर विधायक ने सीएमओ को फोन पर फटकार लगाई।
बारह साल के इंतजार के बाद दस अक्तूबर को शुरू हुए ढबारसी सीएचसी का लाभ मरीजों को नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों ने अस्पताल में डाक्टरों के न बैठने और महिलाओं के प्रसव की व्यवस्था न होने की शिकायत की थी। जिसपर शुक्रवार दोपहर 12 बजे विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी अस्पताल पहुंच गए। जहां चिकित्सक के कार्यालय में देखा तो कुर्सी खाली थी।
मरीजों को देखकर वार्ड ब्वाय दवाई लिख रहे थे और संविदा पर स्वच्छ कर्मी दवाइयों का वितरण कर रहा था। उपस्थिति रजिस्टर में अस्पताल में डाक्टरों सहित 11 कर्मचारियों मे दो की हाजिरी लगी हुई थी। जिसमें एक डाक्टर को टीकाकरण की ड्यूटी पर बताया गया। यह देखकर विधायक पारा चढ़ गया।
सीएमओ को अस्पताल की स्थिति से अवगत कराते हुए गैरहाजिर कर्मचारियों के विरुद्ध कार्यवाही करने और एक सप्ताह के भीतर व्यवस्था में सुधार न होने पर मामले से मुख्यमंत्री को अवगत कराने की चेतावनी दी। सीएमओ ने विधायक को अस्पताल को शीघ्र सुचारु रूप से चलवाने का आश्वासन दिया।