सड़क निर्माण में बाधा बनीं दुकानों को तोड़ा
नूरपुर। सड़क निर्माण में अवरोध बनी दुकानों पर प्रशासन का चाबुक आखिर चल ही गया। सोमवार को एसडीएम चांदपुर के नेतृत्व में पहुंची राजस्व विभाग एवं पीडब्ल्यूडी की टीम ने जेसीबी से दुकानों के आगे डाले गए टिनशेड ध्वस्त करा दिए। इस दौरान व्यापारियों ने विरोध भी किया, लेकिन अधिकारियों ने उनकी एक नही सुनी। इसे देखकर दुकानदारों ने खुद ही अपनी दुकानों को तोड़ना शुरू कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा।
करीब दो वर्षों से मुरादाबाद-बिजनौर हाइवे को फोरलेन किए जाने का काम चल रहा है। सड़क निर्माण का अधिकांश काम पूरा हो चुका है, लेकिन नूरपुर में शिव मंदिर चौक से रोडवेज बस स्टैंड तक सड़क बनाने के लिए निर्धारित 40 फिट चौड़ाई के दायरे में कई व्यापारियों की दुकानें आ रहीं थीं। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने कई बार नापतौल कर दुकान हटाने के लिए मार्किंग कर नोटिस जारी किए, लेकिन दुकानदारों ने दुकानों को नहीं तोड़ा। इस मामले को लेकर कुछ दुकानदारों ने कोर्ट का भी सहारा लिया था। विवाद के चलते दो वर्षों से सड़क निर्माण का काम रुका हुआ था। दो दिन पूर्व प्रशासन द्वारा अतिक्रमण की जद में आने वाले दुकानदारों को स्वयं ही अपने पक्के निर्माण हटाने को कहा गया था। सोमवार की सुबह एसडीएम चांदपुर आलोक यादव के नेतृत्व में पीडब्ल्यूडी एवं राजस्व विभाग की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची और शिव मंदिर चौक से रोडवेज बस स्टैंड तक अभियान चलाकर दुकानों के आगे पड़े टीन शेड गिरा दिए। बाद में मंदिर चौक पर एक दुकान को ढहाने के लिए जेसीबी लगा दी। इस दौरान दुकानदारों ने मामला कोर्ट में होने की बात कहते हुए विरोध किया, लेकिन अधिकारियों ने उनकी एक न सुनी। मामला बिगड़ता देखकर दुकानदारों ने अधिकारियों से स्वयं ही अपनी दुकानें हटाने के लिए कुछ समय देने का अनुरोध किया। इसके बाद उन्हें थोड़ा समय दे दिया गया। इसके बाद दुकानदारों ने खुद ही अपनी दुकानें तोड़नी शुरू कर दीं। प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मचा रहा।
इस दौरान नायब तहसीलदार सत्यपाल सिंह, लोकनिर्माण विभाग के अवर अभियंता यूडी पांडे, सहायक अभियंता मुकेश कुमार जैन, वीके त्यागी, के साथ ही शिवाला कलां, नूरपुर पुलिस के अलावा भारी मात्रा में पीएसी बल मौजूद रहा। एसडीएम आलोक यादव ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के लिए कोई समय नहीं दिया गया है। न हटाने पर कार्रवाई की जाएगी।