पर्यावरण संरक्षण के लिए किया जागरूक
बिजनौर । कृष्णा कॉलेज के समाज कार्य विभाग के विद्यार्थियों ने ग्राम पंचायत अगरी में पर्यावरण स्वच्छता व संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
विद्यार्थियों के दल को कॉलेज संस्थापक निदेशक राजीव कुमार, प्रबंधक मनोज कुमार, प्रबंधक निदेशक पवन कुमार, प्राचार्या सीमा शर्मा ने रवाना किया। गांव के प्राइमरी स्कूल में बच्चों को स्वच्छता के लाभ के बारे में बताया। बच्चों को पॉलिथीन के प्रयोग के नुकसान के बारे में बताया। बच्चों को पौधरोपण व जल की बचत के महत्व के बारे में भी जानकारी दी। कहा कि भूमि व पेड़ों की छांव मां के गोद व आंचल के समान होती है। पर्यावरण की सुरक्षा करके ही मानवता की सुरक्षा कर सकते हैं। विभागाध्यक्ष गोपाल स्वरूप सिंह ने कहा कि तेजी से विकास करने से पर्यावरण पर बहुत असर पड़ा है। पर्यावरण का सीधा संबंध प्रकृति से है। वायु प्रदूषण, जल प्रदूषण व मृदा प्रदूषण से पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है। सहायक प्रवक्ता फारिहा जैदी ने कहा कि पेड़ों को नहीं काटना चाहिए। प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रशांत शर्मा ने कहा कि पेड़ों के अंधाधुंध कटान का असर मानसून पर भी पड़ रहा है। कार्यक्रम के आयोजन में सहायक प्रवक्ता अमित राजपूत का योगदान रहा।