रामसहायवाला, हिम्मतपुर बेला की ओर बढ़ रही गंगा
मंडावर। पहाड़ों पर हो रही बारिश से मैदान में गंगा का जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया है। गंगा गांव रामसहायवाला व हिम्मतपुर बेला के पास तटबंध को काटने लगी है। इससे गांव वालों के होश उड़े हुए हैं। बाढ़ के डर से गांव वालों ने पलायन करना शुरू कर दिया है।
ब्लॉक मोहम्मदपुर देवमल के गांव रामसहायवाला व हिम्मतपुर बेला उत्तराखंड की सीमा से सटे हैं। इन गांवों के एक ओर उत्तराखंड द्वारा बनाया गया तटबंध है। तटबंध की वजह से इन गांवों में गंगा का पानी नहीं भरता है। पिछले कुछ दिनों से पहाड़ों पर काफी बारिश हो रही है। पहाड़ों का सारा पानी बहकर मैदान में आने से गंगा ने रौद्र रूप धारण करना शुरू कर दिया है। गंगा ने गांवों के पास तटबंध को भी काटना शुरू कर दिया है। उत्तराखंड सिंचाई विभाग लाख कोशिश करने के बाद भी कटान रूक नहीं रहा है। पानी के तेज बहाव के आगे किसी की कुछ नहीं चल रही है। गंगा का पानी तटबंध को काटते हुए दोनों गांवों की ओर बढ़ रहा है। बाढ़ की आशंका को देखते हुए दोनों गांव वालों में दशहत फैली है। बाढ़ से बचने के लिए दोनों गांव वालों ने पलायन भी शुरू कर दिया है। गांव वालों लज्जाराम, कुंवर सिंह सैनी, सतीश, मोहन, हरप्रीत, सोहन आदि का कहना है कि बिजनौर प्रशासन अब तक उनकी मदद के लिए नहीं आया है। उत्तराखंड सरकार काम कर रही है लेकिन गंगा के बहाव के सामने सब कुछ फेल नजर आ रहा हैं। दोनो गांव के गंगा के समीप स्थित मंदिर के पास भी गंगा कटान कर रही है। इससे मंदिर के अस्तित्व को भी खतरा उत्पन्न हो गया है।