मंडावर। किसानों की गांव खानपुर माधो उर्फ तिमरपुर में हुई छह गांवों के किसानों की पंचायत में बरकातपुर शुगर मिल प्रशासन पर गन्ना पर्ची न भेजने का आरोप लगाया गया। समस्या का निस्तारण न होने पर मिल गेट पर आंदोलन करने की चेतावनी दी गई।
पंचायत में खानपुर माधो, बहादरपुर जट, किशनपुर, शकबूलपुर, खुड़ाहेड़ी, करीमपुर बमनौली के किसानों की पंचायत हुई। वक्ताओं ने कहा कि मिल प्रशासन ने चेन के एक रोलर को बंद कर दिया है और एक से ही गन्ने की पेराई की जा रही है। इससे पेराई कम हो गई है और किसानों को पर्ची समय से नहीं मिल रही हैं। एक गांव में प्रतिदिन दो से तीन पर्ची ही भेजी जा रही हैं। ग्राम प्रधान संगठन जिलाध्यक्ष मुकेश दहिया ने कहा कि किसान खेत खाली न हो पाने से गेहूं नहीं बो पा रहे हैं और पशुओं को चारा तक नहीं खिला पा रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि मिल प्रशासन के इस रवैये को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर व्यवस्था में एक दो दिन में ही सुधार न हुआ तो मिल गेट पर धरना प्रदर्शन कर आंदोलन चलाया जाएगा। इस दौरान अशोक कुमार, ब्रह्मपाल सिंह, बाबूराम सिंह, मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।