अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा।
बिजली की अघोषित कटौती से शहरवासियों का हाल बेहाल है। फाल्ट तो कभी ट्रिपिंग के बहाने बिजली काटी जा रही है। दिन भर यही ढर्रा बना रहता है, जिससे लोग बेचैन रहते हैं। अधिकारियों की मानें तो मौजूदा समय में प्रत्येक ट्रांसफार्मर ओवरलोड से जूझ रहा है। ऐसे में लाइनों में ब्रेक डाउन व टीएफ खुद ही ट्रिप कर जाते हैं। जितनी बिजली मिल रही है, उतनी सप्लाई दी जा रही है।
भीषण गर्मी से निजात पाने का एक मात्र सहारा बिजली है, लेकिन इस समय वह भी धोखा दे रही है। प्रदेश सरकार ने 24 घंटे आपूर्ति के आदेश अफसरों को दिए हैं, किन्तु उन पर अमल नहीं किया जा रहा है। फाल्ट बताकर तो कभी ओवरलोड कहकर नागरिकों के हिस्से की बिजली काटी जा रही है। बीते 12 घंटे में 15 बार आपूर्ति ट्रिपिंग की वजह से सप्लाई कटी है, जबकि तीन बार ब्रेक डाउन के कारण बंद रही है। कटौती के कारण शहरवासियों का पसीना भी नहीं सूख पाता है।
इस संबंध में एसडीओ शहर नरेश कुमार ने बताया कि मौजूदा समय में प्रत्येक बिजलीघर पर अधिक लोड चल रहा है। अत्यधिक भार होने की वजह से ट्रांसफार्मर अपने आप ही ट्रिप कर जाते हैं या फिर लाइनों में फाल्ट हो जाता है। यदि ऐसा न हो तो टीएफ खराब होने में जरा भी देर नहीं लगेगी। इसलिए नागरिकों को बिजली संचालित यंत्रों का दिन में कम उपयोग करना चाहिए। अगर कम प्रयोग होगा तो आपूर्ति अपने आप ही सुधर जाएगी। स्थानीय स्तर पर किसी तरह की कटौती नहीं हो रही है।