अब आंगनबाड़ी केंद्रों पर मनाया जाएगा नौनिहालों का जन्मदिन
बिजनौर।
अब आंगनबाड़ी केंद्रों पर नौनिहालों का जन्मदिन मनाया जाएगा। छह महीने का होने वाले बच्चों के आहार की शुरूआत की जाएगी। आंगनबाड़ी केंद्रों पर बचपन दिवस, ममता दिवस और लाडली दिवस का आयोजन होगा। किशोरियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने को भी एक दिन निर्धारित होगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश शासन की सचिव अनीता सी मेश्राम ने बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के निदेशक को पत्र लिखा है।
नौनिहालों, गर्भस्थ शिशुओं और उनकी माताओं को कुपोषण से बचाने तथा किशोरियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से अनेक योजनाएं संचालित होती हैं। कुपोषण के खिलाफ लड़ाई शासन की प्राथमिकताओं में शामिल होती है। आंगनबाड़ी केंद्रों पर इन योजनाओं को और क्रियाशील करने और बच्चों, किशोरियों, गर्भवती महिलाओं की संख्या बढ़ाने के लिए शासन ने पहल की है। अब आंगनबाड़ी केंद्रों पर बचपन दिवस, ममता दिवस और लाडली दिवस का आयोजन होगा। बचपन दिवस हर महीने की पांच तारीख को होगा। एक महीने में पैदा हुए सभी बच्चों का जन्मदिन पांच तारीख को मनाया जाएगा। इसके अलावा जो बच्चे छह महीने के हो जाएंगे, उनको आहार देने की भी शुरूआत की जाएगी। 15 तारीख को आयोजित होने वाले ममता दिवस में गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को स्वस्थ रहने के लिए उचित खानपान के बारे में बताया जाएगा। 25 तारीख को लाडली दिवस में 11 से 18 साल किशोरियों को उनके शरीर में आने वाले बदलाव के बारे में जानकारी और स्वस्थ रहने के टिप्स दिए जाएंगे। इन तारीखों को छुट्टी होने पर अगले दिन यह कार्यक्रम किए जाएंगे।
जिला कार्यक्रम अधिकारी दीप्ति भार्गव के अनुसार शासनादेश के अनुसार ही तीनों दिवस आंगनबाड़ी केंद्रों पर मनाए जाएंगे।