बीएड प्रवेश परीक्षा में 88.15 प्रतिशत अभ्यर्थी हुए शामिल
बिजनौर। बीएड प्रवेश परीक्षा में कोरोना गाइडलाइन की जमकर धज्जियां उड़ीं। 88.15 प्रतिशत अभ्यर्थी बीएड प्रवेश परीक्षा में शामिल हुए। दोनों पालियों में 1777 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
बीएड प्रवेश परीक्षा में 7500 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। शुक्रवार को परीक्षा के लिए 17 केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा दो पालियों में हुई। परीक्षा का समय सुबह नौ बजे से थी लेकिन अभ्यर्थी सुबह साढ़े सात बजे से ही आने शुरू हो गए थे। काफी महिला अभ्यर्थी अपने दुधमुंहे बच्चों को साथ लेकर आईं थी। महिलाओं के साथ आए अभिभावकों के लिए बैठने की कोई जगह नहीं होने से वे छोटे बच्चों को लिए परेशान हाल घूमते रहे। केंद्रों पर परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों को बाहर निकलने के लिए आपाधापी मची रही। कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं किया गया। मौके पर मौजूद पुलिस भी मूकदर्शक बनी थी। दोनों पालियों में कमोबेश यही हाल रहा। अभ्यर्थियों को कमरों में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ बैठाया गया था। परीक्षा छूटने के बाद अभ्यर्थियों की भीड़ से प्रदर्शनी चौक व शास्त्री चौक पर जाम लग गया। पुलिस को जाम खुलवाने में मशक्कत करनी पड़ी।
डीआईओएस राजेश कुमार ने बताया कि 17 केंद्र पर प्रथम पाली में पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 6610 अभ्यर्थी उपस्थित रहे जबकि 890 अनुपस्थित रहे। पहली पाली की परीक्षा 88.13 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने दी है। दूसरी पाली में 6613 अभ्यर्थी उपस्थित व 887 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सबसे अधिक 94 अभ्यर्थी आरबीडी केंद्र व सबसे कम 32 आरजेपी केंद्र पर गैरहाजिर थे। स्टेटिक मजिस्ट्रेट केंद्रों पर मौजूद रहे।