- जल्द ही इन सेंटरों पर मरीजों को मिलनी शुरू होगी दवाई की सुविधा
- जिले में संचालित हो रहे 353 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिले में 86 उपकेंद्रों को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में तब्दील किया जा चुका है। इन सेंटरों पर मरीजों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जिसके चलते मरीजों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। क्योंकि सीएचसी और पीएचसी से पहले अब हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर मरीजों की बीमारी पता कर दवाई दी जाएगी।
शासन की ओर से लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर तैयार किए जा रहे हैं। इन सेंटरों पर सीएचओ (सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी) की तैनाती की जा रही है। जिले में इस समय 353 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर संचालित हो रहे हैं। जिनमें से 86 को हाल ही में उपकेंद्रों से हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में तब्दील किया गया है। अभी तक इन सेंटरों पर बुधवार और शनिवार को ही टीकाकरण होता था। लेकिन अब जल्द ही सेंटरों पर मरीजों को भी देखा जाएगा। इन सेंटरों पर सीएचओ की तैनात करने की तैयारी चल रही है। जिसके बाद ही सीएचओ मरीजों को दवाई दे सकेंगे। साथ ही इनमें से 45 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को पीएचसी स्तर का बनाया जा रहा है। इन पर सीएचओ के स्थान पर चिकित्सक दवाई देंगे।
सीएचओ टेलीमेडिसिन से चिकित्सक से कराएंगे मरीजों की बात
हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर तैनात सीएचओ टेलीमेडिसिन की मदद से मरीजों को दवाई उपलब्ध कराएंगे। टेलीमेडिसिन तकनीकी से सीएचओ मरीजों की बात जिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी पर बैठे चिकित्सकों से कराएंगे। चिकित्सक मरीजों की बीमारी जानने के बाद दवाई बताएंगे। जिसके बाद सीएचओ सेंटर पर ही मरीजों को दवाई दे सकेंगे।
वर्जन
जिले के 86 सब सेंटरों को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर तब्दील किया गया है। अभी इन सेंटरों पर तैनात सीएचओ की लखनऊ से आईडी नहीं बनी है। जिसके चलते अभी वह मरीजों को दवाई दे सकते हैं। जल्द ही मरीजों को दवाई देने की सुविधा भी शुरू हो जाएगी - डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी