आंबेडकर जयंती पर नगर में धूमधाम से निकाली शोभायात्रा
चांदपुर। भारत रत्न बाबा भीमराव आंबेडकर समारोह समिति की ओर से नगर में सुंदर झांकियों व बैंडबाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई।
मोहल्ला सरायरफी स्थित आंबेडकर धर्मशाला में आयोजित विचार गोष्ठी में मुख्य अतिथि सुरेंद्र खन्ना ने दलित व पिछड़े समाज के लोगों से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कहा कि मूलमंत्र शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो के विचारों को अपने जीवन में अपनाओ। चरन सिंह सागर ने कहा कि बाबा साहब द्वारा दी गई 22 प्रतिज्ञाओं को ध्यान में रखते हुए अनुसूचित जाति के लोग आगे बढ़ने का कार्य करें। विचार गोष्ठी के बाद नगर शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ सुरेंद्र खन्ना व समाजसेवी गोविंद मित्तल ने किया। शोभायात्रा मोहल्ला सरायरफी से शुरू होकर आंबेडकर चौक पहुंची तथा डा. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। उसके बाद शोभायात्रा मुख्य बाजार नेहरू चौक, शिवमूर्ति, बजरिया से होते हुए मोहल्ला पतियापाड़ा स्थित धर्मशाला पर पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में सुंदर झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई थी। इसमें अध्यक्ष सुरेंद्र नेता, कमल ठेकेदार, जगत सिंह एडवोकेट, अमित कुमार लखोइया, मास्टर रामस्वरूप सिंह, कृष्ण कुमार, विशाल , कपिल कुमार, गजेंद्र सिंह, राहुल खन्ना, राजन कुमार, मुरारी सिंह, रामचंद्र भारती आदि मौजूद रहे।