हल्दौर। गांव शरीफपुर में धामपुर मिल का गन्ना क्रय केंद्र संचालित है। इस क्रय केंद्र पर करीब चार दिन से गन्ना न उठने के कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय किसान मजदूर के संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने उक्त क्रय केंद्र से गन्ना न उठने से बिजनौर- मुरादाबाद हाइवे पर करीब आधा घंटे तक जाम लगाए रखा। जाम लगने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। मिल प्रबंधक से बात करने के बाद जाम खोल दिया गया। इस अवसर पर सिद्धार्थ सिंह, मुकेश कुमार, भीष्म सिंह, सोनू कुमार, रामसिंह आदि मौजूद रहे।