एसपी ने बनाया यातायात प्लान
बिजनौर। एसपी संजीव त्यागी ने जाम से निजात दिलाने के लिए जिला मुख्यालय के लिए नया यातायात प्लान बनाया है। प्लान के तहत दिन में बड़े वाहन शहर में प्रवेश नहीं करेंगे। गन्ने से भरे वाहन भी दिन में मिल को शहर से होकर नहीं जाएंगे। यातायात प्लान तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
शहर में लगने वाला जाम सभी के लिए सिरदर्द बन चुका है। पुलिस को भी जाम खुलवाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है। बड़े वाहनों के दिन में शहर में प्रवेश करने से जाम लगता है। एसपी संजीव त्यागी ने जाम से निजात दिलाने के लिए नया यातायात प्लान बनाया है। प्लान के अनुसार सुबह आठ बजे से रात नौ बजे तक भारी वाहन, बड़े वाहन, ओवरलोड वाहन, गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्राली व बुग्गी का प्रवेश शहर की सड़कों पर प्रतिबंधित कर दिया गया है। विवेक कॉलेज, मित्तल पेट्रोल पंप, झालू रोड, नगीना रोड, चांदपुर तिराहा, किरतपुर रोड, मंडावर रोड से ये बड़े वाहन नगर की सीमा में प्रवेश नहीं करेंगे। हालांकि पेट्रोलियम वाहन, गैस वाहन, मेडिकल वाहन को इस यातायात नियम में छूट दी गई है। दो पहिया व स्कूली वाहन को छोड़कर बाकी सभी वाहन डाकखाने, पुरानी तहसील, राम के चौराहे, बुल्ले के चौराहे की ओर से होते हुए मुख्य बाजार में सुबह आठ बजे से रात नौ बजे तक नहीं जाएंगे। ई रिक्शा दिन में मुख्य बाजार में किसी भी कीमत पर नहीं आएंगी। बसें भी सुबह आठ बजे से रात नौ बजे तक शहर में मुख्य सड़कों से नहीं आएंगी। इन बसों के लिए डायवर्जन प्लान बनाया गया है। सभी बसों को बाईपास मार्ग से निकाला जाएगा। स्कूलों की छुट्टी के समय बसों को निकालने की व्यवस्था और कड़ी की जाएगी। एसपी संजीव त्यागी के अनुसार हर प्रमुख चौराहे पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। ये जाम से निजात दिलाएंगे। बड़े वाहनों पर शहर के मुख्य मार्गों पर प्रतिबंधित का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।