रेलवे फाटक पर दो दिन से खड़ी मालगाड़ी
नगीना। कालाखेड़ी रेलवे फाटक पर सोमवार शाम से मालगाड़ी खड़े होने के कारण नगर एवं क्षेत्रीय गांवों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें अपनी जान जोखिम में डालकर ट्रेन के नीचे से होकर गुजरना पड़ रहा है। स्टेशन अधीक्षक हरिमोहन मीणा ने बताया कि चालक की उपलब्धता न होने के कारण मालगाड़ी खड़ी है। उन्होंने बताया कि चालक की ड्यूटी कंट्रोल रूम द्वारा दूसरी जगह लगाई गई थी। इसके बाद मालगाड़ी को रवाना किया जाएगा। नगर की आजाद कॉलोनी वार्ड के सभासद जोगेंद्र सिंह, सतीश कुमार राजपूत, कुलदीप जैन, भानुप्रताप, जितेंद्र जैन, एसएस लाल ने बताया कि कालाखेड़ी रेलवे फाटक पर आए दिन कई कई दिनों तक मालगाड़ी खड़ी कर दी जाती है। रेलवे की लापरवाही के चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि रेल विभाग और अफसर ऐसी मालगाड़ियों को पुरैनी या बुंदकी रेलवे स्टेशनों पर खड़ी करने की व्यवस्था कर दें तो इस समस्या का समाधान हो सकता है।