प्राइमरी स्कूल की खस्ताहाल छत गिरी
नजीबाबाद। प्राइमरी स्कूल के पुराने खस्ताहाल भवन की छत गिरने से हड़कंप मच गया। खंडहरनुमा कमरे के बराबर वाले कमरे में बच्चे पढ़ रहे थे। आनन-फानन में बच्चों को हटाकर दूसरे कक्ष में पहुंचाया गया।
नगर पंचायत साहनपुर के प्राथमिक विद्यालय द्वितीय के नए भवन के बराबर में वर्षों से खाली पड़ा खंडहरनुमा खस्ताहाल स्कूल का पुराना भवन है। मोहल्ला अंसारियान स्थित स्कूल के खंडहरनुमा खाली पड़े भवन के बराबर में विद्यालय के कक्षा तीन के बच्चे पढ़ रहे थे। शुक्रवार को प्रात: 9:30 बजे कक्षा तीन से लगे खस्ताहाल कक्ष की छत अचानक गिर गई। तेज आवाज के साथ छत गिरते ही शिक्षकों और बच्चों में हड़कंप मच गया। मुख्य अध्यापिका रफत खातून, शिक्षक मुदस्सिर नजर, अब्दुल रशीद ने कक्षा तीन के बच्चों से क्लास खाली करा ली। प्राथमिक स्कूल के जिस खस्ताहाल कक्ष की छत गिरी वह शौचालय के निकट स्थित है। छत गिरने से शौचालय के पास भवन में दरार आ गई। शिक्षक मुदस्सिर नजर ने बताया कि कई बार खस्ताहाल भवन को गिरने के संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को स्कूल की ओर से पत्र भेजे जा चुके हैं। लेकिन जर्जर भवन को गिरने की कार्रवाई नहीं हो पाई।