अमरोहा। महिलाओं का उत्पीड़न रोकने और उन्हें त्वरित सहायता मुहैया कराने के लिए सरकार की महत्वपूर्ण योजना महिला आशा ज्योति लाइन की स्थापना जिला अस्पताल पर कर दी गई है। इसमें महिलाओं के लिए विशेषज्ञों के अलावा चौबीस घंटे पुलिस सहायता उपलब्ध रहेगी।
महिला आशा ज्योति लाइन की शुरुआत शुक्रवार को जिला अस्पताल में हुई। यहां महिलाओं को कई तरह के मामलों में सहायता मुहैया कराने के मकसद से फिलहाल तीन काउंसलर और एक महिला कांस्टेबिल की तैनाती की गई है। घटना वाली जगह पर जाने के लिए 181 नंबर वाहन हर वक्त जिला अस्पताल पर उपलब्ध है। जिला अस्पताल पर बने केंद्र पर महिलाओं को घरेलू हिंसा, एसिड अटैक, दहेज उत्पीड़न, बाल विवाह, साइबर हिंसा सहित दुष्कर्म और छेड़छाड़ के मामलों में तुरंत सहायता दी जाएगी। इसके अलावा महिलाओं को ईलाज की सुविधा और कानूनी सहायता भी यहां पर उपलब्ध कराई जाएगी। महिलाओं और बच्चों से किसी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न के मामले में भी तुरंत पुलिस सहायता की जाएगी।
181 नंबर पर दी जाएगी सहायता
सीएमएस डॉ. रामनिवास ने बताया कि महिला आशा ज्योति लाइन सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। महिलाओं को किसी प्रकार की समस्या आती है तो 181 नंबर पर कॉल करते ही तुरंत सहायता दी जाती है। इसका केंद्र जिला अस्पताल पर बनाया गया है। इसकी शुरुआत शुक्रवार को हो गई है।