शिकायतों का पारदर्शी निस्तारण करें : मंडलायुक्त
नजीबाबाद (बिजनौर)। मंडलायुक्त ने जनशिकायतों की सुनवाई करते हुए उनका पारदर्शी एवं त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए कहा कि इसमें लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार को तहसील के ड्वाकरा हॉल में संपूूर्ण समाधान दिवस के अंतर्गत जनशिकायतों की सुनवाई की गई। मंडलायुक्त राजेश कुमार ने स्वयं शिकायतें सुनीं। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि जनता की शासन और प्रशासन से कई उम्मीदें होती हैं। प्रदेश सरकार के पूर्ण बहुमत से सत्ता में आने के बाद जनता की सरकार से उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं। जनशिकायतों को दूर करते हुए सरकार की छवि को बरकरार रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। मंडलायुक्त ने कहा कि जनशिकायतों की मुख्यमंत्री के पोर्टल पर समीक्षा की जा रही है। कभी भी किसी भी शिकायतकर्ता से टेलीफोन पर संपर्क कर शिकायत निस्तारण की स्थिति और उसके संतुष्ट होने के संबंध में जानकारी की जा सकती है। इस दौरान 189 में से 06 शिकायतों का निस्तारण किया गया। एडीएम (प्रशासन) विनोद गौड़, एसडीएम एसके सिंह, सीओ बृजराज सिंह, तहसीलदार सुरेश कुमार की उपस्थिति में चली संपूर्ण समाधान दिवस की कार्रवाई में मंडलायुक्त ने जनशिकायतें सुनीं।