प्रथम दिन लिए 900 बलगम के नमूने
अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर।
टीबी को जड़ से खत्म करने के लिए शुरू हुए टीबी एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान के प्रथम दिन जिले भर के 900 लोगों को बलगम का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा है।
जिला क्षय अधिकारी डॉ. बीएस रावत ने बताया कि मंगलवार से टीबी एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान शुरू हो गया है। डीटीओ ने बिजनौर के मोहल्ला जाटान स्थित वाल्मीकि बस्ती के लोगों के बलगम का नमूना लेकर अभियान की शुरूआत की है। टीबी के मरीजों का सर्ज करने लिए जिले भर में स्वास्थ्य विभाग की 202 टीम काम कर रही है। अभियान के प्रथम दिन जिले भर से करीब 900 लोगों का बलगम जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। डीटीओ के अनुसार इस सभी में टीबी के लक्षण मिले है। जांच में टीबी पॉजिटिव पाया जाता है तो मरीजों को उनके घर-घर जाकर दवाई देकर उनका उपचार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बिजनौर, मुरादाबाद के साथ-साथ यह अभियान 25 जिलों में शुरू किया गया है। इससे पहले 19 जिलों में अभियान का प्रथम राउंड भी हुआ है। उन्होंने बताया कि देश में टीबी के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा होता जा रहा है। इसको लेकर केंद्र सरकार सख्त है। केंद्र सरकार ने देश से टीबी को जड़ से समाप्त करने लिए कार्यक्रम शुरू किया है। कार्यक्रम में डीटीओ के साथ नकुल कुमार, अरविंद कुमार, नितिन श्रीवास्तव, प्रयास वर्मा, अर्जुन मौजूद रहे।