हल्दौर। पैजनियां स्थित पानी की टंकी का विद्युत ट्रांसफार्मर पांच दिनों से फुंका होने से पेयजल संकट गहरा गया है। ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने टंकी परिसर में हंगामा किया।
गांव पैजनियां में रामलीला मैदान के पास 350 किलो लीटर की पानी की टंकीहै। इससे गांव पैजनियां और मलपुरा के करीब 350 कनेक्शन धारकों को जलापूर्ति उपलब्ध कराई जाती है। दोनों गांव की जनसंख्या करीब साढ़े सात हजार है। टंकी को चलाने के लिए 25 केवी का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। ग्रामवासियों के अनुसार उक्त ट्रांसफार्मर करीब पांच दिनों से फुंका हुआ है। इससे दोनों गांव की जलापूर्ति ठप हो गई है। ग्रामवासियों का आरोप है कि उन्होंने निगम के जेई से फुंका ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की। लेकिन उनकी समस्या का समाधान न हो सका। गांवों में जलापूर्ति न आने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे खफा सुनील कुमार, संजीव कुमार, महिपाल, विमल कुमार, मनोज कुमार, रवि आदि ने टंकी परिसर में हंगामा किया। इसके बाद ग्रामीणों ने मामले की शिकायत पैजनियां बिजलीघर पहुंचकर जेई से की। उधर, जेई सत्यप्रकाश चौहान ने ग्रामीणों को शीघ्र ट्रांसफार्मर बदलवाने का आश्वासन दिया। इससे ग्रामीण शांत होकर चले गए।