घायल की उपचार के दौरान मौत
मंडावर। गांव बसी रूहानसी निवासी मेघा, मोहन सिंह व सुंदर सिंह स्कूटी पर सवार होकर सोमवार की रात मंडावर से अपने गांव जा रहे थे। गांव शहबाजपुर-रतनपुर मार्ग के बीच स्थित पुलिया के निकट उनकी स्कूटी किसी वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में मेघा सिंह की मौत हो गई, जबकि सुंदर व मोहन सिंह को मेरठ रेफर कर दिया था। बसी रूहानसी के ग्राम प्रधान के मुताबिक बुधवार की शाम मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान सुंदर की मौत हो गई।
चाकू मारकर किया घायल
बिजनौर। कोतवाली शहर के मोहल्ला रविदास नगर निवासी नीरज मंगलवार शाम मोहल्ले में ही स्थित किराना की दुकान में सामान खरीदने गया था। इसी दौरान पड़ोस के रहने वाले जितेंद्र ने शराब के नशे में किसी बात को लेकर नीरज पर चाकू से हमला कर लहूलुहान कर दिया। परिजनों ने उसको गंभीर हालत में जिला अस्पताल भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने उसको उपचार के लिए मेरठ भेज दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है और आरोपी की तलाश में जुट गई है।