नूरपुर। निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही कस्बे में चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा से सिंबल लेकर अध्यक्ष का चुनाव लड़ने के लिए तीन को दावेदारी कर रहे हैं। वहीं सपा से पूर्व चेयरमैन हाजी इरशाद अली अंसारी की पत्नी फारीना इरशाद का चुनाव लड़ना लगभग तय माना जा रहा है।
जनपद में पहले चरण में 22 नवंबर को मतदान होना है। पहले चरण के लिए नामांकन की प्रक्रिया 29 अक्तूबर से शुरू हो जाएगी। चुनाव की घोषणा होते ही नगर में चुनावी सरगर्मियां तय हो गई हैं। गली, मोहल्लों के साथ ही चुनाव के दावेदारों के घरों पर चुनावी चर्चा जोरों पर है। इस बार नूरपुर नगरपालिका का अध्यक्ष पद पिछड़ा वर्ग की महिला के लिए आरक्षित है। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से पूर्व पालिकाध्यक्ष उमेश कर्णवाल की पत्नी ममता कर्णवाल, कुंतेश सैनी व डा. नफीस गुलरेज अपनी पत्नी के लिए दावेदारी कर रहे हैं। ममता कर्णवाल की दावेदारी को मजबूत मान रहे है। उधर, समाजवादी पार्टी से निवर्तमान चेयरमैन हाजी इरशाद अली अंसारी की पत्नी फारीना इरशाद का चुनाव लडना लगभग तय है। फारीना इरशाद पहले भी वर्ष 2007 से 2012 तक पालिकाध्यक्ष रह चुकी हैं। उस समय भी उनके सामने ममता कर्णवाल चुनाव लड़ीं थी। बसपा से अकरम जमील की पत्नी का नाम सामने आ रहा है। इस बार कौन-कौन चुनाव के लिए मैदान में उतरेंगे इसको लेकर सोमवार तक स्थिति पूरी तरह साफ हो जाएगी।
होर्डिंग व बैनर उतारे
आदर्श आचार संहित जारी होने के बाद पालिका प्रशासन ने अभियान चलाकर शनिवार को होर्डिंग व बैनर उतारे।
नवंबर में निकाय चुनाव होने की संभावना के चलते अध्यक्ष एवं सभासद पद के तमाम दावेदारों ने नगर के विभिन्न चौराहे एवं सार्वजनिक स्थानों को बैनर व होर्डिंग से पाट दिया था। शुक्रवार को निकाय चुनाव की घोषणा होते ही सूबे में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई। शनिवार को पालिका कर्मचारी ट्रैक्टर ट्राली लेकर नगर में उतरे और सभी होर्डिंग, व बैनर उतार दिए।
पत्नी के लिए मांग रहे टिकट
स्योहारा। स्थानीय निकाय के चुनाव बिगुल बजते ही प्रत्याशियों की सरगर्मी तेज हो गई है। सहसपुर नगर पंचायत पद सामान्य महिला सीट होने से अध्यक्ष पद की तैयारी कर रहे दावेदार को अब अपनी पत्नी को लड़ाने के लिए आगे करना पड़ा है। नगर पंचायत में इस बार के चुनाव में 18279 मतदाता हैं। जिसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 9573 जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 8706 है। सहसपुर में मुस्लिम समुदाय 91 प्रतिशत है, जिसमें चौधरी, शेख, अंसारी उम्मीदवारों के बीच ही चुनाव होता रहा है, जबकि नौ प्रतिशत हिंदू मतदाता है। इस बार नगर पंचायत के लिए आठ उम्मीदवार ताल ठोक रहे हैं। जहां एक ओर पूर्व चेयरमैन मोहम्मद अली अंसारी इस बार अपनी पुत्र वधु जीनत परवीन, पूर्व पंचायत अध्यक्ष जहीन अख्तर अपनी पत्नी शबाना परवीन, सपा छात्र सभा के प्रदेश सचिव मंजर हुसैन अपनी मां के लिए सपा का टिकट मांग रहे हैं। वहीं मीट कारोबारी हाजी इदरीश और कुंवर घराने के शादउल्ला खां अपनी पत्नी के लिए बसपा से टिकट मांग रहे हैं, जबकि भाजपा की ओर से फहीम अहमद, एमआईएम पार्टी की ओर से अब्दुल रहमान तथा कांगेस पार्टी से मुनीश अहमद अपने परिवार की किसी महिला को चुनाव लड़ाने के लिए ताल ठोक रहे हैं।