जिले में 75 नए मरीज मिले, घटकर 1156 हुए एक्टिव केस
बिजनौर। जनपद में शनिवार को कुल 2736 मरीजों की जांच रिपोर्ट आई, जिनमें 75 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई, जबकि 2661 नेगेटिव निकले। इस सप्ताह में अब तक 100 नीचे पांचवीं बार मरीज मिले हैं। अब सक्रिय उपचाराधीन मामलों की संख्या घटकर 1156 पर पहुंच गई है।
शनिवार को कुल 75 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के साथ ही जिले में अब तक संक्रमित हुए मरीजों का आंकड़ा 14 हजार 231 पर पहुंच गया है। इसी बीच राहत भरी बात ये है कि 12 हजार 980 मरीज अब तक कोरोना से जंग जीत चुके हैं, जबकि 95 मरीजों की अब तक मौत हो चुकी है। नए मरीजों में 51 की पुष्टि आरटीपीसीआर जांच में और शेष का रैपिड एंटीजन किट में हुई जांच में पता चला है। सीएमओ डॉ. विजय कुमार गोयल के अनुसार अभी 5755 जांच रिपोर्ट लंबित हैं। शनिवार को कुल 4785 लोगों की कोरोना जांच की गई। सीएमओ ने बताया कि अब कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या धीरे-धीरे कम हो रही है, जो काफी सुकून देने वाली बात है। उन्होंने सभी से अपने घरों में ही रहने की अपील की, जिससे कोरोना संक्रमण की शृंखला को तोड़ने में आसानी हो।
348 लोगों का किया चालान
बिजनौर। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए एसपी के निर्देश पर जिले भर में बिना मास्क लगाये लोगों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत शनिवार को कुल 348 लोगों को चालान करते हुए उनसे दो लाख 59 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुट्ठा गांव पहुंची टीम ने किया सर्वे
हीमपुर दीपा। पुट्ठा गांव में पिछले 1 माह में बुखार से हुई 15 मौत के मामले में गांव पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सर्वे किया। एक मौत कोरोना से होना पाया गया, जबकि अन्य में बुखार खांसी व अन्य कारण बताए गए। चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग की तीन टीमें गठित कर ग्रामीणों की कोरोना रैपिड टेस्टिंग शुरू कर दी है।हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव पुट्ठा में पिछले 1 माह में 15 लोगों की मौत होने की सूचना पर शनिवार को गांव पुट्ठा पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इस बाबत जांच की। डॉक्टर मदन पाल सिंह ने बताया कि गांव में कोरोना से केवल एक ग्रामीण की मौत हुई है। जबकि अन्य मौतें हार्ट अटैक शुगर लंबी बीमारी एवं ज्यादा उम्र होने के कारण स्वभाविक रूप से हुई हैं। उनका कहना है कि गांव में स्वास्थ्य विभाग की तीन टीमें गठित कर दी गई हैं, जो घर-घर पहुंच कर ग्रामीणों के कोरोना रैपिड टेस्टिंग करेगी। टीम में बीडीओ नरेन्द्र सिंह प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र हल्दौर के चिकित्साधिकारी डॉक्टर मदनपाल सिंह हिमांशु आदि मौजूद रहे।