बिजनौर में आरजेपी इंटर कॉलेज से पैट की परीक्षा देकर बाहर आते परीक्षार्थी।
- फोटो : BIJNOR
बिजनौर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा परीक्षा अर्थात पीइटी परीक्षा के आखिरी दिन लखनऊ से आई तलाशी टीम अधिक चाक चौबंद रही। केंद्रों के अंदर तथा बाहर चप्पे चप्पे पर निगाह रखी। दोनों पालियों में 64.69 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 7424 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। अभ्यर्थियों की सबसे अधिक अनुपस्थिति वर्धमान कालेज बिजनौर केंद्र पर रही।
प्रारंभिक पात्रता परीक्षा के पहले दिन एक सॉल्वर के दबोचे जाने के बाद दूसरे दिन अधिक चौकसी रही। लखनऊ से अभ्यर्थियों की तलाशी के लिए आई टीम अपने सख्त तेवरों में दिखाई पड़ी। केंद्रों के आसपास से आने जाने वाले हर व्यक्ति को टोका जा रहा था। परीक्षा कक्षों में भी तलाशी सख्ती से हुई।
टीम में कुछ केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों के संचालन को भी देखा। स्टेटिक मजिस्ट्रेट, कक्ष निरीक्षक तथा अभ्यर्थी समय से केंद्रों पर पहुंचे। एसडीएम जोनल मजिस्ट्रेट लगातार केंद्रों की निगरानी करते रहे।
पहले दिन के मुकाबले अनुपस्थिति कम
परीक्षा 20 केंद्र पर हुई। दूसरे दिन भी 21024 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। प्रथम पाली में 6780 तथा द्वितीय पाली में 6820 अभ्यर्थी ने परीक्षा दी। इस प्रकार दोनों पाली में 13600 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित रहे। दोनों पालियों में 7824 अभ्यर्थी ने परीक्षा नहीं दी। वर्धमान कालेज बिजनौर केंद्र पर सबसे अधिक 682 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
कापियां आज रात लखनऊ जाएंगी
सभी 20 केंद्रों से चारों पाली की कापी कड़ी सुरक्षा के बीच ट्रेजरी लाई गई। दोनों दिन की कापियों को सील करके सीलबंद बंडल बने। सूत्रों के अनुसार बंडल रविवार की रात लखनऊ जाएंगे।