बिजनौर। शासन ने पंचायत चुनाव में जिले को विभिन्न वर्ग के लिए आरक्षित होने वाली पंचायतों की संख्या निर्धारित कर दी हैं। अब 20 फरवरी से कोटे के अनुसार विभिन्न वर्गों को पंचायतों का आवंटन होगा। जिले में अनारक्षित पंचायतों की संख्या सबसे अधिक है।
जिले में 1123 पंचायत हैं। पंचायत चुनाव में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग के अंतर्गत पंचायतों के आरक्षण होना हैं। शासन ने बृहस्पतिवार को आरक्षण का फार्मूला घोषित किया है। आरक्षण के तीन स्तर हैं। इसी क्रम में शासन ने जिले की पंचायतों में आरक्षित होने वाली पंचायतों की संख्या वर्ग वार भेजी है। जिले में एक पंचायत अनुसूचित महिला के लिए आरक्षित होंगी। अनुसूचित जाति पुरुष के लिए कोई पंचायत आरक्षित नहीं है अनुसूचित जाति स्त्री के लिए 87 पुरुष के लिए 163 , पिछड़ा वर्ग स्त्री के लिए 105 पुरूष के लिए 199 पंचायत रिजर्व होंगी। स्त्रीयों के लिए 185 पंचायत आरक्षित होंगी। जिले की 383 पंचायत अनारक्षित रहेंगी। कुल 740 पंचायत विभिन्न वर्ग में आरक्षित होंगी।
डीपीआरओ सतीश कुमार ने बताया कि शासन से इस बात का निर्णय होता है कि जिले में कितनी पंचायत किस वर्ग की आरक्षित होंगी। अब शासन के कार्यक्रम के अनुसार तय फार्मूला पर हर ब्लॉक की वर्गवार पंचायत आवंटन की प्रक्रिया 20 फरवरी से शुरू होगी। आवंटन प्रक्रिया एक मार्च तक पूरा होगा। इसके लिए ब्लाक के अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।