अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ चलेगा अभियान
नजीबाबाद। मानचित्र स्वीकृत कराए बिना भवन, प्रतिष्ठानों और कॉलोनी निर्माण कराने वालों पर विनियमित क्षेत्र शिकंजा कसेगा। नियत प्राधिकारी एवं एसडीएम ने विनियमित क्षेत्र को तत्काल ऐसे निर्माण चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। नगरपालिका नजीबाबाद, नगर पंचायत साहनपुर व जलालाबाद के साथ 42 राजस्व गांव में मानचित्र स्वीकृत कराए बिना कॉलोनी, भवन और प्रतिष्ठान निर्माण कराने वालों को चिह्नित करने का अभियान विनियमित क्षेत्र ने शुरू किया है। विनियमित क्षेत्र के नियत प्राधिकारी एवं उप जिलाधिकारी उमेश कुमार मिश्र, जेई एनके सिंह ने सड़क लेन में किए गए अतिक्रमण एवं फुटपाथ पर निर्माण करने, आरक्षित कॉलोनी एवं पार्कों में जन सुविधाओं की उपेक्षा कर अतिक्रमण करने, स्वीकृत मानचित्र के विपरीत अनाधिकृत रूप से निर्माण कार्य करने तथा अवैध रूप से निर्माण कार्य करने वालों को चिह्नित करने का अभियान शुरू किया है। एसडीएम उमेश कुमार मिश्र ने बताया कि निर्माण संबंधित नियमों को उल्लंघन करने वालों को चिंह्नित करने के बाद उन्हें नोटिस देकर अवैध निर्माण और अतिक्रमण ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।