भाजपा में दावेदारों की दौड़धूप तेज
बिजनौर। भाजपा के टिकट को लेकर मारामारी मचनी शुरू हो गई है। कई दावेदार दोनों सीट से टिकट मांग रहे हैं। कई दावेदारों ने टिकट के लिए दौड़धूप तेज कर दी है। बिजनौर सीट से सांसद भारतेंद्र सिंह व नगीना से डॉ. यशवंत सिंह का टिकट पक्का माना जा रहा है। पर इसके बाद भी तमाम दावेदार टिकट हथियाने को लेकर सक्रिय हो गए हैं। बिजनौर सीट से सांसद भारतेंद्र सिंह के अलावा यशपाल पवार, डॉ. वीरपाल निर्वाल, वीरेंद्र सिंह, रावेंद्र सिंह, कविता चौधरी, सीताराम राणा, राजेंद्र सिंह एडवोकेट आदि टिकट के दावेदार हैं। नगीना सीट पर सांसद डॉ. यशवंत सिंह के अलावा ओमकुमार अपनी पत्नी शोभा रानी के लिए टिकट मांग रहे हैं। उत्तराखंड के मंत्री सुरेश राठौर, सुभाष वाल्मीकि भी चुनाव की दौड़ में हैं। ज्यादातर नेता दिल्ली व लखनऊ में डेरा डाले हैं। कई भाजपा नेता अपना टिकट पक्का मानकर चल रहे हैं। टिकट को लेकर चुनावी समीकरण भी देखा जा रहा है। बिजनौर लोकसभा सीट में जाट के अलावा गुर्जर वोटर बड़ी संख्या में हैं।