बिजनौर। आजाद किसान यूनियन की बैठक में किसानों का गन्ना भुगतान न करने वाली मिलों से चीनी दिलाने की मांग की गई। भुगतान न होने पर 28 मार्च को बिलाई मिल पर महापंचायत का एलान किया गया। गन्ना समिति परिसर में हुई बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने कहा कि किसानों को भुगतान समय से नहीं दिया जा रहा है। किसान के सामने आर्थिक समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। किसान बिजली के बिल व अपने बच्चों की फीस भी नहीं भर पा रहे हैं। बैठक में प्रशासन से बिजली के बिल हरियाणा राज्य के बराबर करने, आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा कराने, सिंचाई के लिए नहरों में पानी छोड़ने, भुगतान के बदले किसानों को चीनी दिलाने, मिलों से निकलने वाली मैली लेने वालों का पैसा गन्ना भुगतान में एडजस्ट करने की मांग की गई। बैठक की अध्यक्षता सुभाष कारान व संचालन सतेंद्र राठी ने किया। बैठक में रीता भुईयार, जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, संजीव राठी, विकल सिंह, हाजी शकील अहमद, मूला सिंह, गुफरान, हुकम सिंह, पुष्पेंद्र चौधरी, राम सिंह, रेणु भुईयार आदि मौजूद रहे।