रेहड़। कासमपुरगढ़ी ब्लॉक के पीछे नहर की पुलिया टूटने से ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग से शीघ्र पुलिया की मरम्मत कराए जाने की मांग की है। गांववासी कौशल, अशोक, कोमल, विपिन, गजराम, अमन, कैलाश ने बताया की कासमपुरगढ़ी ब्लॉक के पीछे मानियावाला उधोवाला माइनर की पुलिया कई महीने से क्षतिग्रस्त पड़ी है। इस वजह से किसानों को गन्ने से लदे वाहन नहीं निकल पा रहे हैं। पुलिया की एप्रोच टूटने से वाहन के पलटने का खतरा बना हुआ है। किसान बैलगाड़ी, ट्रैक्टर आदि लेकर खेतों पर नहीं जा पा रहे हैं। किसानों का आरोप है की कई बार शिकायत के बाद भी सिंचाई विभाग ने पुलिया की सुध नहीं ली है। ग्रामीणों ने एक्सईएन से पुलिया की शीघ्र मरम्मत कराए जाने की मांग की है। जेई जोगेंद्र सिंह का कहना है कि जल्द पुलिया की मरम्मत होगी।