बेंच के लिए न्यायिक कार्यों से विरत रहे वकील
नगीना। हाईकोर्ट बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति के आह्वान पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच स्थापना की मांग को लेकर नगीना बार एसोसिएशन के अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। अध्यक्ष के अनुसार 14 दिसंबर को अधिवक्ता न्यायिक कार्य नहीं करेंगे। एसोसिएशन कार्यालय पर अध्यक्ष अशोक कुमार त्यागी की अध्यक्षता एवं राजेश कुमार एडवोकेट के संचालन में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि हाईकोर्ट बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति के आह्वान पर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 13, 14 दिसंबर को दो दिवसीय न्यायिक कार्यों से विरत रहेंगे। उन्होंने बताया कि बेंच स्थापना के लिए अधिवक्ता जल्द ही संसद का घेराव करने के लिए दिल्ली कूच करेंगे।
चाचा के डांटने पर युवती ने जहरीला पदार्थ खाया
नगीना। नगीना देहात थाना क्षेत्र के गांव मिर्जापुर निवासी कामेंद्र की पुत्री हेमा (18) को किसी बात पर उसके चाचा ने डांट दिया था। इससे नाराज होकर हेमा ने घर में रखे किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे उपचार के लिए सीएचसी पर भर्ती कराया। वहां के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
65 बच्चों को खसरा रुबेला का टीके लगाए
नगीना। खसरा और रुबेला टीकाकरण अभियान के अंतर्गत गांव काजीपुर इम्मा स्थित मदरसा इस्लामिया जूनियर हाईस्कूल के 65 छात्र-छात्राओं को टीके लगाए गए। प्रबंधक खालिद नोमानी ने बताया कि सुबह विद्यालय के 65 छात्र-छात्राओं को खसरा रुबेला के टीके लगाए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम के सदस्य वीरवती देवी, मिथलेश देवी आदि ने छात्र-छात्राओं के टीके लगाए। इस अवसर पर जफरुद्दीन, अंशु कुमार, शबनम परवीन, नुसरत जहां, मोहम्मद राशिद, मोहम्मद शारिक आदि का सहयोग रहा।