जमीन का सही मूल्य न मिलने पर भड़के किसान
नजीबाबाद। हरिद्वार-काशीपुर नेशनल हाईवे फोरलेन का चौड़ीकरण और बाईपास मार्ग निर्माण के लिए अधिग्रहण जमीन का उचित रेट न मिलने से किसानों में रोष है। नेशनल हाईवे एथॉरिटी ने नगर पंचायत ईओ द्वारा अधिकृत जमीन के सर्किल रेट की मांग की भेजी रिपोर्ट पर आपत्ति लगाकर लौट दी है। जिससे किसानों ने भड़क गए हैं।
पूर्व चेयरमैन खलील अहमद की अध्यक्षता और खुर्शीद अहमद के संचालन में किसानों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में वक्ताओं ने बताया कि हरिद्वार-काशीपुर नेशनल हाईवे फोरलेन के चौड़ीकरण और बाईपास मार्ग निर्माण के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने जलालाबाद क्षेत्र के किसानों की जमीन का वर्ष 2014 में अधिग्रहण किया था। जिसमें एसएलओ और नेशनल हाईवे अथॉरिटी अधिकारियों ने नगर पंचायत जलालाबाद ईओ द्वारा भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर आबादी की दर का दोगुना रेट लगाकर जमीन अधिकृत करने की बात किसानों के समक्ष रखी। हाल में ही ईओ द्वारा अधिकृत जमीन के सर्किल रेट की डिमांड की भेजी रिपोर्ट को नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने खारिज कर लौट दी है। किसानों का आरोप है कि एसएलओ और नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों की मिली भगत से अधिकृत जमीन का उचित मूल्य न देकर उनका आर्थिक और मानसिक शोषण किया जा रहा है। किसानों ने डीएम को पत्र भेजकर उच्चाधिकारियों अवगत कराने के साथ-साथ किसानों की जमीन का उचित मूल्य दिलाए जाने की मांग उठाई है। बैठक में डॉ.आजाद हुसैन, तनवीर सिंह, शमीम अहमद, यामीन, मकसूद अहमद, मो.साबिर, मुख्तार अहमद, मो.असगर सहित अनेक किसान मौजूद रहे।