नगीना। डीएम के निर्देश पर एसडीएम व फूड इंस्पेक्टर ने तुलाराम मिष्ठान भंडार पर छापा मारकर रसगुल्ले आदि खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इस कार्रवाई से नगर के अन्य दुकानदारों में हड़कंप मच गया। शनिवार को एसडीएम डा. गजेंद्र सिंह व खाद्य सुरक्षा अधिकारी तेजबहादुर सिंह स्टेशन रोड़ स्थित तुलाराम मिष्ठान भंडार पर पहुंचे और वहां से गुलाब जामुन, छेना के रसगुल्लों के नमूने लिए। एसडीएम ने बताया कि काफी समय से उन्हें नगर में कुछ व्यापारियों द्वारा खाद्य पदार्थों में मिलावट की शिकायतें मिल रहीं थी। एसडीएम ने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि मिलावटखारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अवैध खनन पकड़ा
बढ़ापुर। पुलिस ने गांव शाहनगर कुराली पास से अवैध खनन लेकर जा रही दो ट्रैक्टर-ट्राली पकड़कर उनसे पांच हजार रुपये का जुर्माना वसूला है। पुलिस के अनुसार गांव शाहनगर कुराली निवासी शहजाद व ग्राम भगौता निवासी हेमपाल सिंह नदी से दो ट्रैक्टर-ट्राली में मिट्टी और रेत भरकर ला रहे थे। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर-ट्रालियों को पकड़कर उनसे पांच हजार रुपये जुर्माना वसूला।