कालेज के पास लगे गंदगी के अंबार
रेहड़ (ब्यूरो)। रेहड़ के नवरत्न इंटर कालेज के सामने लगे कूड़े के ढेर स्वच्छता अभियान को पलीता लगा रहे हैं। कालेज के बाहर खड़ा होने पर छात्र छात्राओं को गंदगी से दुर्गंध आती है। मार्ग से गुजरना दुर्भर रहता है। आरोप है पंचायत में चार चार सफाई कर्मी होने के बाद भी गंदगी के अंबार लगे हैं। सफाई कर्मी कई कई दिन तक नदारद रहते हैं। कालेज के पूरे मार्ग पर गंदगी पसरी पड़ी है। कई बार सफाई कर्मचारियों से गंदगी साफ करने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने अनसुना कर दिया। इससे कालेज में पढ़ाई का वातावरण भी खराब हो रहा है। मार्ग पर दुर्गंध की वजह से छात्र छात्राएं कालेज आना नहीं चाहते हैं। आरोप है कि मीट के अवशेष भी वहीं फेंक दिए जाते हैं। उधर प्रधानाचार्य बीआर धीमान का कहना है कि साफ सफाई को लेकर ब्लॉक अधिकारियों से कई बार कहा गया, लेकिन ब्लॉक के अधिकारी भी अनसुना कर देते हैं। उधर ग्राम प्रधान खुर्शीद आलम का कहना है सफाई कर्मचारियों को भेजकर गंदगी हटाई जाएगी।