किसान के आत्महत्या करने के मामले की जांच शुरू
अफजलगढ़। बैंक अधिकारियों के दबाव के चलते गांव रसूलाबाद निवासी किसान विक्टर ने आत्महत्या कर ली थी। किसान के परिजनों का कहना है कि किसान के पिता बलबीर सिंह ने 2014 में पंजाब नेशनल बैंक अफजलगढ़ शाखा से किसान क्रेडिट कार्ड पर तीन लाख रुपये का ऋण लिया था। 11 महीने बाद ही उनकी ब्रेन हमरेज से मौत हो गई। पिता की मृत्यु होने पर विक्टर ने बैंक को मृत्यु प्रमाण पत्र मुहैय्या करा दिया था और अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई थी। इसके बावजूद विक्टर पर ऋण जमा करने का दबाव बनाया गया। इस संबंध में थाने में दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विक्टर के भाई संजय का कहना है कि 10 जुलाई को बैंक अधिकारियों ने ऋण राशि जमा न करने पर आरसी काट जमीन कुर्क करने की धमकी दी। इससे नाराज विक्टर ने आत्महत्या की। उन्होंने अधिकारियों से पूरे प्रकरण की जांच कराए जाने की मांग की है। वहीं, मामले की जांच कर रहे प्रभारी निरीक्षक राज सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बैंक अधिकारियों, पीड़ितों से पूछताछ की जा रही है। घटना की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।