नजीबाबाद। बिजली, पानी और संपर्क मार्ग की समस्या झेल रहे सीमावर्ती गांव के लोगों ने समस्याओं के प्रति प्रशासन के उपेक्षित रवैये पर नाराजगी व्यक्त की। महिलाओं के जत्थे के साथ आए क्षेत्रवासियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं को हल कराने की मांग की।
उत्तराखंड की सीमा से लगे बिजनौर जनपद की ग्राम पंचायत मोटाढाक के गांव कौड़िया देवेंद्रनगर निवासी ग्रामीण बिजली और पानी संकट से परेशान हैं। 24 किमी का सफर तय कर तहसील पहुंची महिलाओं के जत्थे के साथ आए ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के उपेक्षित रवैये पर चिंता व्यक्त की। ग्रामीणों ने एसडीएम डॉ.पंकज कुमार वर्मा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में देवेंद्रनगर के लिए मोटाढाक में बनाई गई जल निगम की टंकी से कौड़िया देवेंद्रनगर तक निश्चित समय तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था करने, देवेंद्रनगर क्षेत्र के विद्युत सप्लाई से जुड़े ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने, खतरनाक ढंग से आबादी और खेतों में झूल रही क्षतिग्रस्त लाइन ठीक कराने की मांग की। देवेंद्रनगर कौड़िया से आए ग्रामीणों में मीनू देवी, बबीता देवी, सुमन देवी, किरन देवी, सुनीता, महावीर सिंह राणा, प्रदीप, राजू, राजीव, मुनेश, अमित सहित अनेक ग्रामीण शामिल थे।