धामपुर। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने नगर में लगने वाले प्रसिद्ध नेजा मेला को नगर की सीमा से बाहर कराने की मांग को लेकर आंदोलन किया था। एसडीएम ने मामले की जांच ईओ को सौंपी थी। जिसकी रिपोर्ट में ईओ ने इस मेले को अवैध बताया है। लेकिन पालिका की ओर से अवैध मेला लगाने वालों पर कार्रवाई नहीं की गई। कार्यकर्ताओं ने इस संबंध में एसडीएम से शिकायत करने की चेतावनी दी है।
हिंदू जागरण मंच के जिला उपाध्यक्ष अभिषेक त्यागी ने कहा कि धामपुर में नेजा मेला लगाने के लिए कोई जमीन नहीं है। मेला सड़क पर लगता है, जिससे नगर में अतिक्रमण होने से लोगों को कठिनाई होती है। उन्होंने मेले को आबादी से बाहर लगाने की मांग करते हुए एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया गया था। अधिकारियों ने मेले की जांच कराने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया था। उधर, ईओ की ओर से एसडीएम को जांच रिपोर्ट भेजी गई, जिसमें कहा गया कि पालिका से मेले को लगाने की कोई अनुमति नहीं ली जाती है। अभिषेक त्यागी का कहना है कि अवैध रूप से लगने वाले मेले की कथित कमेटी पर आज तक पालिका ने कोई क्यों नहीं की, ईओ इसका जवाब दें, अन्यथा पुन: आंदोलन किया जाएगा।