नहटौर। नगर पालिका के अतिक्रमण अभियान चलाने के एक दिन बाद ही दोबारा से सड़कों पर अतिक्रमण फैल गया है। मुख्य बाजार की हालत जस से तस बनी हुई है। बाजार में अतिक्रमण से लोगों का चलना मुश्किल हो गया है। बाहरी क्षेत्र में बनी दुकान ग्राहकों की पसंद बनती जा रही है।
नगर पालिका कर्मचारियों और पुलिस ने अभियान चलाकर नहटौर-धामपुर और कोतवाली झालू मार्गों पर अतिक्रमण को हटवाया था। अभियान चलाने के एक दिन बाद ही दोबारा से अतिक्रमण होना शुरू हो गया। हल्दौर चौराहे के आसपास फिर से वहीं स्थिति पैदा हो गई। मुख्य बाजार में अतिक्रमण अभियान नहीं चलाया गया। दुकानदार एक दूसरे को देखकर दुकानों के अंदर से सामान निकालकर बाहर रख देते हैं, जिसे अतिक्रमण की स्थिति बन जाती है। बाजार में अतिक्रमण फैलने से निकलना दूभर हो जाता है। कई बार तो विवाद तक हो जाता है। बाजार में अतिक्रमण करना दुकानदारों के लिए ही महंगा साबित हो रहा है। ग्राहक अतिक्रमण से बचने के लिए बाहरी क्षेत्रों में बनी दुकानों की ओर रुख कर रहे हैं।