शासन तक पहुंचा युवती को पीटने का वीडियो
बिजनौर। बाल कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश ने जिले के थाना नांगल सोती के गांव सुंदरपुर बड़ो में युवती को बेरहमी से पीटे जाने के मामले को गंभीरता से लिया है। शासन ने मामले की जांच करने के आदेश डीएम, एसपी को दिए थे। तीन सदस्यीय अधिकारियों की टीम ने गांव में जाकर जांच की है। युवती के इलाज के लिए सीएमओ को मामला संदर्भित किया गया है।
जिला अल्पसंख्यक अधिकारी / जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रवीण कुमार मिश्र के अनुसार सुंदरपुर बड़ो गांव में एक युवती को घर में बंद करके बेरहमी से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। बाल कल्याण विभाग ने वीडियो के आधार पर मामले को गंभीरता से लिया। मामले की जांच के लिए एसपी को निर्देशित किया। डीएम ने प्रभावी कार्रवाई करने की हिदायत दी है। इस पर जिला स्तरीय तीन सदस्यीय टीम गठित की गई। टीम ने गांव में जाकर जांच की है। ग्रामवासियों के अनुसार युवती दिमागी रूप से कमजोर है। आरोप है कि परिजन आए दिन उसे बेरहमी से पीटते हैं। युवती के परिजनों पर ग्रामवासियों के समझाने बुझाने का भी कोई असर नही होता है। युवती की अधमरी जैसी स्थिति हो गई है। प्रवीण कुमार मिश्र के अनुसार युवती के इलाज के लिए सीएमओ को कहा गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने पर अगली कार्रवाई तय होगी।