बिजनौर। बिजनौर जिले की देन इज्जतघर शब्द अब यूपी के शौचालयों पर लिखा जाएगा। सरकारी दस्तावेज में भी यूनीकोडिंग शौचालय की जगह इज्जतघर होगा। शासन ने देश के अन्य राज्यों में मान सम्मान के प्रतीक इज्जतघर शब्द को अपनाने का सुझाव केंद्र को भेजा है। स्वच्छता मिशन के निदेशक ने इस बारे में सभी जिलों को आदेश जारी कर दिए हैं।
स्वच्छता अभियान पीएम की महत्वाकांक्षी योजना है। इसके अंतर्गत गली मोहल्ले की साफ सफाई के साथ घर घर शौचालय बनाने का अभियान युद्धस्तर पर चल रहा है। जिले में करीब डेढ़ लाख शौचालय बने हैं। जिला दो अक्तूबर को गांधी जयंती पर पूर्ण ओडीएफ घोषित हो गया है। मंडल की टीम गांव-गांव सत्यापन में जुटी है। तत्कालीन डीएम विजय किरण आनंद ने जिले को ओडीएफ बनाने के लिए पूरी ताकत झोक दी थी। सीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी ने अभियान का रोड मैप तैयार था। सीडीओ ने शौचालय शब्द की जगह इज्जतघर नाम दिया। जिले में शौचालयों पर इज्जतघर शब्द लिखा गया। शासन ने इस नाम को सराहा। इसके लिए डीएम जगतराज को दो अक्तूबर को दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में पीएम ने प्रशस्ति पत्र दिया। इज्जतघर शब्द अब आम लोगों की जुबान बन गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने वाराणसी दौरे में इज्जतघर शब्द को मान सम्मान का प्रतीक बताते हुए जमकर तारीफ की थी। अब स्वच्छता मिशन के निदेशक विजय किरण आनंद ने यूपी के सभी डीएम व सीडीओ को पत्र भेजकर शौचालय की जगह इज्जतघर शब्द लिखने के आदेश जारी किए हैं। इतना ही नही सरकारी दस्तावेज में भी इज्जतघर शब्द दर्ज होगा। डीपीआरओ मनीष कुमार शासन से आदेश प्राप्त होने की पुष्टि की है।