मेरठ के फुरकान बशीर ने मथुरा के सोनू बाबा को पटखनी देकर 2100 की कुश्ती जीत
हसनपुर (अमरोहा)। एकता विशाल दंगल की ओर से नगर के बाईपास धर्मकांटा के पीछे स्थित मैदान में चल रहे दंगल में शनिवार को दूर दराज के पहलवानों का जमघट रहा। पहलवानों ने अपने प्रतिद्वंदी को चित करने के लिए दांवपेच दिखाए। इस दौरान कार्यक्रम स्थल दर्शकों से खचाखच भरा नजर आया। तालियों की गड़गड़ाहट गूंजती रही।
दंगल की शुरुआत चौधरी शकील अहमद ने पहलवानों का हाथ मिला कर की। इस दौरान उन्हें पगड़ी पहना कर सम्मान दिया गया। पहली कुश्ती में शानजर पहलवान चंदौसी ने टाइगर पहलवान दिल्ली को हराया। पप्पू मुजफ्फरनगर को अमरोहा के फहीम ने चित कर दिया। मथुरा के सोनू पहलवान ने मुरादाबाद के आलम को पूरी तरीके से अखाड़े में उलट पुलट कर चित कर दिया। इसी क्रम में रिजवान कलियर ने अनुज मथुरा को पटखनी दी। मेरठ ने फुरकान बशीर ने मथुरा के सोनू बाबा मेरठ को हरा कर 2100 की कुश्ती जीती। हापुड़ के सिराजुद्दीन और मथुरा के सोनू की कुश्ती बराबर रही। देर शाम तक दंगल में एक के बाद एक घमासान मुकाबले चलते रहे। इस मौके पर प्रदीप शास्त्री, नसीम अहमद, बिजली महाराज, आरिफ, इरशाद, उमर दराज उर्फ भैया आदि लोग मौजूद रहे।