एक महीने में शुरू हो जाएगा सीवर सिस्टम
बिजनौर। शहर में सीवर का सिस्टम जल्द शुरू होगा। इसकी तैयारी पूरी होने लगी हैं। अफसरों को शासन से रुके हुए धन के मिलने का इंतजार है। ताकि बचे काम को पूरा कराया जा सके। ट्रीटमेंट प्लांट का भी 90 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। बाकी काम को पूरा कराने के लिए अफसरों की टीम लगी है। सब कुछ ठीक रहा तो एक महीने में इसे शुरू कर दिया जाएगा।
शहर में कई साल पहले सीवर लाइन का काम शुरू हुआ था। 106 करोड़ की योजना में शहर के गली-मोहल्ले से लेकर कॉलोनी और मुख्य मार्गों पर सीवर लाइन डालने के अलावा ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाना था। ट्रीटमेंट प्लांट के लिए पहले जगह नहीं मिल रही थी। प्रशासन ने बमुश्किल इसके लिए जगह मुहैय्या कराई। शहर की हेमराज कॉलोनी मार्ग पर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जा रहा है। घरों के कनेक्शन जोड़ने के लिए सड़कों में सीवर के चैंबर काफी दिन पहले बन चुके हैं। अफसरों की मानें तो योजना का शासन पर करीब 15 करोड़ रुपया रुका हुआ है। इस रुपये के मिलने का इंतजार किया जा रहा है ताकि बचे हुए काम को जल्द पूरा कराया जा सके।
उधर, ट्रीटमेंट प्लांट भी 90 प्रतिशत बन कर तैयार हो चुका है। दस प्रतिशत काम भी जल्द ही पूरा होगा। अफसर एक महीने में इस पूरे सिस्टम को चालू करने का दावा कर रहे हैं। जल निगम की निर्माण इकाई के प्रोजेक्ट मैनेजर के डी जैन के मुताबिक सीवर का काम तेजी के साथ चल रहा है। नगर पालिका को घरों के कनेक्शन करके चैंबर से जोड़ने के लिए पत्र लिखा जा रहा है। यह काम पूरा होते ही सिस्टम शुरू हो जाएगा। शासन से पैसा मिलने का इंतजार है । पैसा मिलने पर बचे हुए छोटे मोटे काम पूरे किए जाएंगे।