नहटौर(बिजनौर)। हल्दौर चौराहे पर करीब दस लाख रुपये की कीमत से बने फव्वारे को ध्वस्त करके बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा लगाने की तैयारी चल रही है। विधायक और भाजपा नेताओं के इस प्रस्ताव को लेकर विरोध भी शुरू हो गया है। उधर, नगर पालिका ने पत्रावली को तैयार करके डीएम कार्यालय को भेज दी है। एसडीएम को आख्या भेजने के लिए कहा गया है।
नहटौर के हल्दौर चौराहे पर करीब दो वर्ष पूर्व दस लाख की लागत से फव्वारा और चौराहे का सुंदरीकरण कराया गया था। हालांकि अब तक ठेकेदार को इसका भुगतान नहीं हुआ है। मगर, अब फव्वारे को ध्वस्त कराकर बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा लगाने की तैयारी चल रही है। कुछ लोगों की मांग पर क्षेत्रीय विधायक ओमकुमार और भाजपा नेताओं ने अपने लैटर पैड लगाकर चौराहे पर बाबा अंबेडकर की प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव नगर पालिका को भेजा है। पालिका ने इस प्रस्ताव को डीएम कार्यालय को भेज दिया है। इस मामले में एसडीएम धामपुर को आख्या प्रेषित करने को कहा गया है। उधर, कुछ लोगों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा चौराहे पर लगाने का विरोध किया है। कहना है कि बिजली कनेक्शन में दिक्कत आने से फव्वारा फिलहाल बंद है। फव्वारा चालू हालत में है। ध्वस्तीकरण से राजस्व को हानि होगी। निवर्तमान पालिका चेयरमैन रशीद अहमद का कहना है कि बाबा भीमराव अंबेडकर उनके लिए पूजनीय है। मगर, फव्वारा चौक को नष्ट नहीं होने दिया जाएगा। इस चौक से लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई है। क्षेत्र की जनता की मांग पर फव्वारे का सुंदरीकरण कराया गया था। ध्वस्त करने की कोशिश की गई तो वह धरना प्रदर्शन से भी पीछे नहीं हटेंगे। पालिका के वरिष्ठ लिपिक मसूद अहमद का कहना है कि फव्वारे का बिजली कनेक्शन जोड़कर शीघ्र चालू कराया जाएगा।