- पांच दुकानों पर छापा मारकर एकत्र किए खाद्य पदार्थों के नमूने
- गलत तरीके से मिठाई भंडारित करने पर दिया नोटिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बुधवार को शहर में छापा मारकर पांच दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। साथ ही दो दुकानों पर गलत तरीके से भंडारित 70 किलो काला रसगुल्ला नष्ट कराया। साफ-सफाई न होने पर दोनों दुकानदारों ने तीन दिन का नोटिस जारी किया है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजीव सिंह ने बताया कि बुधवार को टीम ने घंटाघर चौराहे पर संचालित इल्मा स्वीट्स शॉप, फरीम स्वीट्स, बिलाल स्वीट्स, मोहम्मद इकबाल, अब्दुल सुबहान की मिठाई की दुकानों पर छापा मारा। इन प्रतिष्ठानों पर गंदगी में मिठाइयों का निर्माण और विक्रय किया जा रहा था। मिठाई की गुणवत्ता की जांच के लिए बूंदी के लड्डू, बर्फी, छेना मिठाई, सफेद रसगुल्ला सहित पांच नमूने संग्रहित कर जांच के लिए भेजे।
जांच करते हुए इल्मा स्वीट्स शॉप और बिलाल स्वीट्स से करीब 70 किलो काला रस्गुल्ला नष्ट कराया गया। इसके अलावा टीम ने खाद्य कारोबारियों, आम लोगों को खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान करने की जानकारी दी। इस मौके पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव कुमार, अनपम यादव, अनिल कुमार, शम्भू दयाल आदि मौजूद रहे।